CG News : मनरेगा में काम कर रहे मजदूरों पर मधुमक्खियों ने किया हमला, 12 घायल, 4 की हालत गंभीर…
कवर्धा। CG News जिले के बोड़ला ब्लॉक अंतर्गत वनांचल ग्राम कौहापानी में मनरेगा कार्य करने गए मजदूरों पर अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। मधुमक्खियों के हमले से एक बच्चे सहित 12 लोग घायल हो गए। घायलों में 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी को बोड़ला सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज जारी है।
Read More : CG News : पालिका में झीरम हमले में शहीद कांग्रेस नेताओं सहित सभी को दी गई श्रद्धांजलि…
बता दें कि ग्राम पंचायत कुकरा पानी, कौहापानी सहित आसपास के दर्जनों मजदूर शुक्रवार सुबह 8 बजे मनरेगा में काम में पहुंचे थे। काम करने के दौरान पास के पेड़ से मधुमक्खियों का झुंड उनकी ओर आया और उन पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों को देख सभी मजदूर भागने लगे। भागम-भाग के दौरान भी कुछ मजदूर गिरकर जख्मी हो गए। घटना के बाद सभी घायल जमीन पर तड़पने लगे, जिसके बाद रोजगार सहायक ने तत्काल 108 को सूचना दी। सूचना के बाद एम्बुलेंस से सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
