FIFA World Cup 2022 : वर्ल्ड कप में लगातार दूसरे दिन हुआ बड़ा उलटफेर, मोरक्को ने पुर्तगाल को दी करारी मात, सेमीफाइनल में पहुंचने वाली बनी पहली अफ्रीकी टीम
नई दिल्ली। इन दिनों FIFA World Cup 2022 का रोमांच काफी चरम पर हैं। वहीं टूर्नामेंट में बहुत ही कम मुकाबले शेष हैं। ऐसे में दो दिनों में लगातार बड़े-बड़े उलटफेर हुए हैं। आज खेले गए क्वार्टरफाइनल मुकाबले में मोरक्को ने यूसुफ एन नेसरी के दर्शनीय गोल की बदौलत फीफा विश्व कप 2022 के पुर्तगाल को 1-0 से हराकर सेमीफाइनल में कदम रखा। अल सुमामा स्टेडियम पर खेले गए रोमांचक मुकाबले में नेसरी ने 42वें मिनट में गोल किया और मोरक्को विश्व कप सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली अफ्रीकी टीम बन गई। कल भी नेमार की टीम वरजिल हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी हैं।
Read More : भारत की Byju’s, बनी FIFA World Cup 2022 का ऑफिशियल स्पॉन्सर, बनाया ये खास रिकॉर्ड
पहले हाफ में एक गोल से पिछड़ने के बाद पुर्तगाल ने दूसरे हाफ में कई मौके बनाए, लेकिन मोरक्को के गोलकीपर यासीन बोनो ने बॉल को नेट तक नहीं पहुंचने दिया। मोरक्को की टीम को दूसरे हाफ के इंजरी टाइम के अंतिम लगभग छह मिनट 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा लेकिन दुनिया की नौवें नंबर की पुर्तगाल की टीम इसका फायदा नहीं उठा पाई।
रोनाल्डो का टूटा सपना
इस हार के साथ क्रिस्टियानो रोनाल्डो का विश्व कप जीतने का सपना भी टूट गया है। पुर्तगाल की इस हार के बाद यह लगभग तय हो गया है कि पांच विश्व कप में गोल दागने वाले दुनिया के एकमात्र खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो अब विश्व कप ट्रॉफी कभी नहीं उठा पाएंगे। यह 37 वर्षीय खिलाड़ी संभवत: अपना अंतिम विश्व कप खेल रहा है।
