CG News : गौठान आजीविका से महिलाओं को मिल रही आर्थिक मजबूती, कलेक्टर ने किया निरीक्षण…
कोरिया, एसके मिनोचा। CG News ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और महिलाओं को रोजगार मूलक गतिविधियों से जोड़कर उन्हें आर्थिक मजबूती देने की दिशा में शासन द्वारा संचालित सुराजी योजना सफल हो रही हैं। ग्राम गौठान आजीविका के केंद्र बने हैं, जिनसे ग्रामीणों को गांव में ही रोजगार और आय का साधन मिला है।
Read More : CG News : मार्गदर्शन शिक्षा महाविद्यालय पहुंची एसडीओपी, छात्रों को दी विविध जानकारी…
सोनहत के घुघरा गौठान में महिलाओं द्वारा वर्मी कम्पोस्ट निर्माण, पेवर ब्लॉक, स्लीपर निर्माण, मिनी राइस मिल, चप्पल दुकान, सिलाई व किराना दुकान, फ्लाई ऐश ईंट का निर्माण किया जा रहा है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज विकासखण्ड सोनहत का दौरा कर घुघरा गौठान का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी आजीविका का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए और महिलाओं की मेहनत व आत्मविश्वास की प्रशंसा की और उनका हौसला बढ़ाया।
गौठान गतिविधियों के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर लंगेह ने वर्मी कम्पोस्ट निर्माण का कार्य कर रहीं राखी स्व सहायता समूह की महिलाओं से कम्पोस्ट निर्माण की जानकारी ली तथा जनपद पंचायत सीईओ को वर्मी कम्पोस्ट निर्माण हेतु तकनीकी प्रशिक्षण कराए जाने के निर्देश दिए।इस दौरान अन्य गतिविधियों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने पेवर ब्लॉक निर्माण करने वाली शिवानी स्वसहायता समूह की महिलाओं से उत्पादन तथा लाभ के सम्बंध में जानकारी ली, महिलाओं ने बताया कि अब तक समूह द्वारा 7 हजार 500 पेवर ब्लॉक बेचे गए हैं, वहीं चप्पल निर्माण का कार्य कर रहीं पूजा समूह की दीदी श्यामवती ने बताया कि 6 हजार चप्पल बेचकर हमने 1 लाख 20 हजार लाभ कमाया है।
Read More : CG News : छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय फसल बीमा पोर्टल का एकीकरण डिजिटली करने पर मिला उत्कृष्ट पुरस्कार, 8वीं राष्ट्रीय अधिवेशन के पहले दिन किया जाएगा प्रदान
इस दौरान कलेक्टर ने गौठान में निर्मित सामुदायिक शौचालय सह दुकानों का भी अवलोकन किया। उन्होंने मिनी राइस मिल का संचालन कर रहीं सुशीला तथा किराना दुकान संचालन कर रहीं दीदी सुदेश्वरी से भी बात की। वहीं शासन की महत्वपूर्ण महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क योजनांतर्गत गौठान घुघरा का भी चयन किया गया है। जिससे अब यहां बड़े स्तर पर रोजगार मूलक गतिविधियां शुरू होंगी। यहां रीपा के तहत बटन मशरूम, अंडा उत्पादन, बोरी सिलाई और टेंट हाउस की गतिविधियां प्रस्तावित हैं। जिनका स्व सहायता समूह द्वारा ही संचालन किया जाएगा।
