President Election: यशवंत सिन्हा ने नवनिर्वाचित राष्ट्रपति को दी बधाई, कहा- आशा है आप बिना डर और…
नई दिल्ली, President Election : राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू ने भारी अंतर से ऐतिहासिक जीत हासिल की है. एनडीए की उम्मीदवार मुर्मू को 64 फीसदी वोट मिले हैं, जबकि विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को 36 फीसदी ही समर्थन मिल सका. लगभग 10 घंटे तक चली मतगणना के बाद द्रौपदी मुर्मू को विजेता घोषित किया गया. उन्हें कुल 6,76,803 वोट मिले. जबकि सिन्हा 3,80,177 वोट ही हासिल कर सके. मुर्मू को जीत की कई बड़े नेताओं ने बधाई दी, विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने भी भारत की पहली आदिवासी राष्ट्रपति को उनकी जीत पर बधाई दी. सिन्हा ने कहा कि हर भारतीय द्रौपदी मुर्मू से यह उम्मीद करता है कि वह 15वें राष्ट्रपति के रूप में बिना किसी डर और पक्षपात के संविधान के संरक्षक के तौर पर कार्य करेंगी.
I join my fellow citizens in congratulating Smt Droupadi Murmu on her victory in the Presidential Election 2022.
India hopes that as the 15th President of the Republic she functions as the Custodian of the Constitution without fear or favour. pic.twitter.com/0gG3pdvTor
— Yashwant Sinha (@YashwantSinha) July 21, 2022
यशवंत सिन्हा ने ट्वीट किया, ‘राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू को उनकी जीत पर मैं बधाई देता हूं. भारत उम्मीद कर रहा है कि देश के 15वें राष्ट्रपति के रूप में मुर्मू बिना किसी खौफ और पक्षपात के संविधान के संरक्षक के तौर पर कार्य करेगी.’ सिन्हा ने राष्ट्रपति चुनाव में उन्हें उम्मीदवार नामित करने के लिए विपक्षी दलों का आभार भी जताया. उन्होंने कहा, ‘मैं निर्वाचक मंडल (इलेक्टोरल कॉलेज) के सभी सदस्यों को भी धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने मुझे वोट दिया. मैंने विपक्षी दलों के प्रस्ताव को पूरी तरह से भगवद गीता में भगवान कृष्ण द्वारा दिए गए कर्म योग के उस उपदेश के आधार पर स्वीकार किया कि फल की उम्मीद के बिना अपना कर्तव्य करते रहो.’