गंज चौक के समीप फेंक रहे है कचरा, लोगों ने चक्काजाम कर जताया विरोध
राजनांदगांव : शहर के गंज चौक के समीप फेंके जाने वाले कचरे को खाकर 2 दिनों के भीतर हुई लगभग 14 गाय की मौत के मामले में आज क्षेत्र के लोगों ने चक्का जाम कर दिया और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। शहर के गंज चौक के समीप स्थित बालाजी हनुमान मंदिर के पास हाट बाजार सहित कृषि केंद्रों का कचरा फेंका जाता है जिसे नगर निगम की लापरवाही के चलते काफी दिनों तक नहीं उठाया जाता है।
इस कचरे को खाकर पशुधन की हानि हो रही है। लगभग 2 दिनों के भीतर ही 14 गाय व बछड़े की मौत हो चुकी है। जिससे आक्रोशित क्षेत्र के लोगों ने गंज चौक पर चक्का जाम कर कर दिया। चक्का जाम के दौरान वार्ड के लोगों ने इस स्थान पर कचरा फेंकने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। बड़ी संख्या में वार्ड के लोगों के द्वारा चक्का जाम किए जाने की सूचना मिलने पर तहसीलदार मौके पर पहुंचे और उन्होंने वार्ड वासियों को चक्का जाम समाप्त करने का आग्रह किया।
वहीं समस्याओं के समाधान किए जाने की बात कही, लेकिन वार्ड के लोग तत्काल कार्रवाई के लिए मौके पर डटे रहे। इस दौरान तहसीलदार ने कहा कि कचरा उठा दिया गया है और गाय की मौत किस वजह से हुई इसकी जांच करने पशु चिकित्सकों को बुलाया गया है। बालाजी हनुमान मंदिर के समीप आसपास क्षेत्र का कचरा लाकर यहां नगर निगम के द्वारा ही एकत्रित किया जाता है। इस कचरे को दो से 3 दिन के बाद ढेर अधिक होने पर उठाया जाता है। स्वच्छता अभियान के दौर में नगर निगम की इस तरह की लापरवाही से पशुधन की हानि हो रही है। वहीं आसपास मौजूद कृषि केंद्रों का कचरा भी इसी स्थान पर फेंका जाता है। ऐसे में आशंका व्यक्त की जा रही है कि कीटनाशक या रासायनिक चीजों को खाकर गायों की मौत हुई हो।