BREAKING : मेडिकल अस्पताल के डाक्टर ने ब्लेड से गला रेतकर की आत्महत्या, बाथरूम में मिली खून से लथपथ लाश
जबलपुर : मध्यप्रदेश के जबलपुर मेडिकल कालेज अस्पताल एक बड़ी खबर सामने आई है। अस्पताल के सर्जरी विभाग में पदस्थ डॉक्टर विनोद कुमार विश्वकर्मा ने सर्जिकल ब्लेड से गला रेतकर आत्महत्या कर ली है। गुरुवार दोपहर धनवंतरि नगर स्थित किराए के मकान में शव मिला है। उनके रक्तरंजित शव को शौचालय का दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला गया।
जानकारी के मुताबिक केंद्रीय जेल में पदस्थ उनकी डॉक्टर पत्नी ममता विश्वकर्मा ड्यूटी के बाद घर पहुंची तब इस मामले का खुलासा हुआ। पति डॉ विनोद घर में नहीं मिले। जिसके बाद उनकी नज़र भीतर से बंद शौचालय पर पड़ी। दरवाजा खटखटाने के बाद भी शौचालय के भीतर से आवाज़ नहीं आई।
जिसके बाद उन्होंने पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शौचालय का दरवाजा तोड़ा। डॉ विश्वकर्मा का रक्तरंजित शव शौचालय में पड़ा था। जिसके बाद एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया। एफएसएल टीम ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा ने घटना की जांच के निर्देश दिए हैं।
ड्यूटी से थे अनुपस्थित
मेडिकल कालेज अस्पताल के सर्जरी विभाग में पदस्थ डॉक्टर विश्वकर्मा गुरुवार को ड्यूटी नहीं गए थे। उनकी पत्नी जेल में ड्यूटी पर उपस्थित थीं। मेडिकल के डॉक्टर्स को दोपहर में जब घटना का पता चला उनके होश उड़ गए। डॉक्टर विश्वकर्मा दंपति के दो बेटे अनुभव और स्पर्श हैं जिनकी उम्र 10 और 13 साल बताई जा रही है।
पुलिस ने शौचालय को सील किया
इधर पुलिस ने डॉक्टर विश्वकर्मा के घर का शौचालय सील कर दिया है। घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। यह भी बताया जा रहा है की डॉक्टर विनोद अक्सर ड्यूटी से अनुपस्थित रहने लगे थे।