दिल्ली में 12 बजे तक 15.69 फीसदी मतदान

नई दिल्ली। राजधानी में शनिवार को विधानसभा चुनाव के लिए दोपहर 12 बजे तक 15.69 फीसदी मतदान हुआ। दिल्ली में सुबह हल्की ठंड होने के कारण मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की संख्या कम देखी गयी थी लेकिन दोपहर होते-होते मतदान करने वाले लोगों की संख्या में बढ़ोतरी देखी गई। इस बीच विदेश मंत्री एस जयशंकर, पूर्व राष्ट्रपति हामिद अंसारी, दिल्ली में मुख्यमंत्री अरिवंद केजरीवाल, मुख्य सचिव विजय कुमार देव के अलावा कई अन्य नेताओं ने मतदान किया।
विदेश मंत्री जयशंकर ने तुगलक क्रिसेंट के एनडीएमसी स्कूल में वोट डाला। पूर्व राष्ट्रपति हामिद अंसारी ने निर्माण भवन के पास मतदान केन्द्र में मतदान किया।

केजरीवाल ने परिवार के सदस्यों के साथ सिविल लांइस इलाके में वोट डाला। देव ने भी मतदान कर अपने मताधिकार को इस्तेमाल किया। इस दौरान दिल्ली के लक्ष्मी नगर में एक दूल्हे ने विवाह समारोह में जाने से पहले मतदान किया। राजधानी के यमुना विहार सहित अन्य कई इलाकों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में तकनीकी खराबी आने के कारण मतदान देर से शुरू हुआ। शाहीन बाग में भी मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है और वहां इसके लिए कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किये गये हैं। दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच आज सुबह आठ बजे मतदान शुरू हो गया और शाम छह बजे तक चलेगा। दिल्ली में इस बार कुल एक करोड़ 47 लाख 86 हजार 382 मतदाता हैं जिनमें से 132 मतदाता 100 या इससे अधिक आयु के हैं। कुल मतदाताओं में पुरुषों की संख्या 81 लाख पांच हजार 236 और महिला मतदाताओं की संख्या 66 लाख 80 हजार 277 हैं। मतगणना 11 फरवरी को होगी।

Back to top button